देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में 8 हरियाणा के शहर, जानें
दिवाली के बाद हरियाणा समेत पूरे देश में वायु प्रदूषण अचानक बढ़ गया है। जींद का AQI 421 पहुंच गया और हवा गंभीर श्रेणी में है। GRAP का दूसरा चरण लागू किया गया है। लोगों को N-95 या डबल मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
➤हरियाणा समेत पूरे देश में दिवाली के बाद एयर पॉल्यूशन अचानक बढ़ा
➤जींद का AQI 421 पहुंचा और हवा गंभीर श्रेणी में
➤GRAP का दूसरा चरण लागू, लोगों को N-95 मास्क पहनने की सलाह
दिवाली के बाद हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में वायु प्रदूषण में तेज वृद्धि देखने को मिली है। हरियाणा ने प्रदूषण के मामले में राजधानी दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया है। जींद का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 421 पर पहुंच गया जो गंभीर श्रेणी में आता है। ऐसी हवा में सांस लेना सामान्य व्यक्ति के लिए भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है और दिल या फेफड़े की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है।
देश के 10 सबसे अधिक प्रदूषित शहरों में 8 हरियाणा के हैं। इनमें जींद, धारूहेड़ा (रेवाड़ी), नारनौल, रोहतक, गुरुग्राम, बहादुरगढ़ (झज्जर), चरखी दादरी और सिरसा शामिल हैं। जींद और धारूहेड़ा में AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया। राजस्थान का भिवाड़ी प्रदूषण के मामले में सातवें और दिल्ली दसवें नंबर पर है। दिवाली की रात हरियाणा के 15 जिलों में AQI 500 तक पहुंच गया था।
हिसार में गीतांजलि अस्पताल के फिजिशियन डॉ. कमल किशोर ने लोगों को सलाह दी कि प्रदूषित हवा में घर से बाहर निकलते समय N-95 या डबल सर्जिकल मास्क पहनें।
रविवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्सिबल एक्शन प्लान (GRAP) का चरण II लागू किया। यह कदम शनिवार को उप-समिति की समीक्षा और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) तथा भारतीय ऊष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के पूर्वानुमानों के आधार पर उठाया गया।
GRAP के अनुसार यदि AQI 201 से 300 के बीच हो तो हवा खराब मानी जाती है और पहला स्टेज लागू होता है। 301 से 400 के बीच होने पर हवा बहुत खराब होती है और दूसरा स्टेज लागू होता है। AQI 401 से 450 के बीच होने पर हवा गंभीर श्रेणी में आती है और तीसरा स्टेज लागू होता है। यदि AQI 450 से ऊपर चला जाए तो हवा बेहद गंभीर मानी जाती है और चौथा स्टेज लागू होता है। प्रदूषण बढ़ने के साथ GRAP के नियम भी सख्त होते जाते हैं।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार स्मॉग एक प्रकार का पीला या काला कोहरा होता है। यह वायु प्रदूषण के मिश्रण से बनता है जिसमें नाइट्रोजन ऑक्साइड, सल्फर ऑक्साइड और कुछ कार्बनिक कंपाउंड शामिल होते हैं। ये सभी सूर्य के प्रकाश के साथ प्रतिक्रिया करके ओजोन बनाते हैं। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है लेकिन दिन में बादल छा सकते हैं और हल्की ठंड बढ़ सकती है जबकि रात का तापमान सामान्य के आसपास या थोड़ा ऊपर रहने की उम्मीद है।
Author1