हरियाणा बोर्ड ने छात्रों को दिया दूसरा मौका, दोबारा दे सकेंगे परीक्षा 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए बड़ी राहत

हरियाणा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के छात्रों को अंक सुधार के लिए दोबारा परीक्षा देने का मौका दिया है। इच्छुक छात्र 4 से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

हरियाणा बोर्ड ने छात्रों को दिया दूसरा मौका, दोबारा दे सकेंगे परीक्षा 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए बड़ी राहत

असंतुष्ट छात्रों को फिर से परीक्षा देने का मौका
10वीं-12वीं के छात्र 4 से 10 अप्रैल तक कर सकेंगे आवेदन
अधिकतम 3 विषयों में सुधार के लिए 1000 रुपए शुल्क तय


हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH), भिवानी ने छात्रों के हित में एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए सेकेंडरी (10वीं) और सीनियर सेकेंडरी (12वीं) के परीक्षार्थियों को दोबारा परीक्षा देने का मौका दिया है। नई शिक्षा नीति के तहत यह कदम उठाया गया है, जिससे वे छात्र जो अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, अपने अंकों में सुधार कर सकें। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार के अनुसार फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित वार्षिक परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं, और अब छात्रों को अंक सुधार का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इच्छुक परीक्षार्थी 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

इस योजना के तहत छात्र अधिकतम 3 विषयों में पुनः परीक्षा दे सकते हैं, हालांकि अतिरिक्त विषय इसमें शामिल नहीं होंगे। इसके लिए 1000 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है और आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है।भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड। (फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो छात्र किसी कारणवश जैसे बीमारी, चोट, खेल या सांस्कृतिक प्रतियोगिता के चलते परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें बोर्ड कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज और शुल्क ऑफलाइन जमा करवाना होगा।

बोर्ड ने यह भी सख्त चेतावनी दी है कि जो परीक्षार्थी पहली वार्षिक परीक्षा में सभी विषयों में अनुपस्थित रहे हैं और फिर से आवेदन करते हैं, उनका आवेदन रद्द कर दिया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी स्वयं परीक्षार्थी की होगी। परीक्षा की नई तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी। किसी भी तकनीकी समस्या के लिए छात्र हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 पर संपर्क कर सकते हैं।