वर्ल्ड कप T20 में हरियाणा का दम, रोहतक के मयंक चौधरी का UAE टीम में चयन

रोहतक के मयंक चौधरी का UAE टीम में चयन, T20 वर्ल्ड कप 2026 में हरियाणा की मौजूदगी, 20 साल के संघर्ष के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की कहानी।

वर्ल्ड कप T20 में हरियाणा का दम, रोहतक के मयंक चौधरी का UAE टीम में चयन

रोहतक के मयंक चौधरी का UAE टीम में चयन
T20 वर्ल्ड कप 2026 में हरियाणा की मजबूत मौजूदगी
20 साल के संघर्ष के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच


भारत में आयोजित होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 में इस बार हरियाणा के रोहतक जिले का नाम भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मंच पर गूंजेगा। गांव घिलौड़ कलां निवासी प्रतिभाशाली क्रिकेटर मयंक कुमार चौधरी का चयन यूएई (UAE) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से न सिर्फ रोहतक बल्कि पूरे हरियाणा में खेल प्रेमियों के बीच खुशी और गर्व का माहौल है।

5 फरवरी 1997 को जन्मे मयंक चौधरी ने महज 10 वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। बचपन से ही उनका सपना बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलने का था। हालांकि, इस सफर में उन्हें कई कठिन दौर से गुजरना पड़ा। हरियाणा रणजी टीम में चयन न हो पाने के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार अपने खेल को निखारते रहे।

मयंक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गवर्नमेंट मॉडल स्कूल से और उच्च शिक्षा डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ से प्राप्त की। कॉलेज के दौरान रेड बुल कैंपस क्रिकेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद उनके करियर को नई दिशा मिली। इसी प्रदर्शन ने उन्हें दुबई जाने का मौका दिया, जहां उन्होंने बीते छह वर्षों में कई क्लब और लीग मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

दुबई में रहते हुए मयंक ने निरंतर मेहनत के दम पर खुद को साबित किया। हाल ही में डीपीएल (DPL) टूर्नामेंट में अबू धाबी नाइट राइडर्स टीम से उनका चयन उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुआ। इसके बाद उनका चयन उस यूएई टीम में हुआ, जिसने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया है।

करीब 20 वर्षों के संघर्ष के बाद अंतरराष्ट्रीय टीम तक पहुंचना मयंक चौधरी के जज्बे और मेहनत की कहानी बयां करता है। उल्लेखनीय है कि मयंक भाजपा नेता डॉ. दिनेश घिलौड़ के भतीजे हैं। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों का मानना है कि मयंक की यह सफलता हरियाणा के युवाओं के लिए एक मजबूत प्रेरणा बनेगी और वे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर टीम और अपने गांव का नाम रोशन करेंगे।