सुखदेव ढाबे के पास ‘चाप नेशन’ में आग, मची अफरातफरी
मुरथल में जीटी रोड पर सुखदेव ढाबे के पास चाप की दुकान में भीषण आग लग गई। गैस सिलेंडर बाहर निकालने से बड़ा हादसा टला, फायर ब्रिगेड ने तीन घंटे में आग बुझाई।
- मुरथल में चाप की दुकान में भीषण आग से मची अफरा-तफरी
- गैस सिलेंडर समय रहते बाहर निकाले गए, बड़ा विस्फोट टला
- सुखदेव ढाबे के पास हादसा, तीन घंटे में आग पर काबू
मुरथल में जीटी रोड पर स्थित मशहूर सुखदेव ढाबा के पास बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ‘चाप नेशन’ नामक चाप की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय दुकान के कारिंदे अंदर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सबसे राहत की बात यह रही कि आग फैलने से पहले ही दुकान में रखे गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट और संभावित जनहानि टल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग आसपास की दुकानों तक पहुंचने वाली थी, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा नुकसान होने से बच गया।
फायर ऑपरेटर नीतीश कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही फायर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लगातार प्रयास कर आग को पूरी तरह नियंत्रित किया गया।
घटनास्थल के आसपास कई ढाबे और दुकानें मौजूद हैं और कुछ ही दूरी पर सुखदेव ढाबा भी स्थित है। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Author1