पानीपत लूट व फायरिंग केस में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, गोली लगने के बाद घायल दो बदमाश पुलिस ने दबोचे

पानीपत में लूट और फायरिंग केस के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़। दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, तीन पिस्तौल बरामद। नई एफआईआर दर्ज।

पानीपत लूट व फायरिंग केस में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, गोली लगने के बाद घायल दो बदमाश पुलिस ने दबोचे
  • लूट और फायरिंग केस में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी

  • जिंद जिले के जवाहरा-शाहपुर रोड पर देर रात चला एनकाउंटर

  • तीन अवैध पिस्तौल और छह कारतूस बरामद, नई एफआईआर दर्ज


पानीपत, 8 नवंबर। पानीपत के सेक्टर 29 थाना क्षेत्र में दर्ज लूट और फायरिंग के मामले में शामिल बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस की टीम पर आरोपियों ने देर रात जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी। घटना जिंद जिले के जवाहरा-शाहपुर रोड के पास रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच हुई।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी नवीन, संदीप और दीपक को पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी। तभी आरोपियों ने मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान संदीप और सन्नी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तुरंत PGI खानपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

थाना सेक्टर 29 पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर पहले से एफआईआर नंबर 591, दिनांक 13 अक्टूबर 2025 दर्ज थी। शिकायतकर्ता राजवंती पत्नी सुरेश निवासी विकास नगर, पानीपत ने आरोप लगाया था कि संजीव उर्फ बाजा और उसके साथियों ने घर में घुसकर तीन लाख रुपये नकद, सोने की चेन और चांदी की पायलें लूट लीं, साथ ही परिवार पर फायरिंग भी की थी।

पुलिस ने मौके से तीन अवैध पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में नई एफआईआर नंबर 356/08.11.2025 इसराना थाने में दर्ज की गई है।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की जांच की जा रही है।