बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दाेनों युवकों की मौ*त

यमुनानगर के दामला में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत। फूड डिलीवरी कर लौट रहा इकलौता बेटा हादसे का शिकार।

बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दाेनों युवकों की मौ*त

 
फूड डिलीवरी कर लौट रहा इकलौता बेटा हादसे का शिकार
इलाज के दौरान दूसरे बाइक सवार ने भी तोड़ा दम



यमुनानगर जिले के दामला क्षेत्र में बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में एक युवक की रात में ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर भिजवाया गया। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय अंकित, पुत्र सुखबीर, निवासी जगूड़ी और 40 वर्षीय धर्म, निवासी वैशाली जिला बिहार के रूप में हुई है। दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों ने बताया कि अंकित यमुनानगर में फूड डिलीवरी का काम करता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बुधवार रात वह काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। रात करीब नौ बजे अंकित के मोबाइल फोन से किसी अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई, जिसमें हादसे की सूचना दी गई। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो पता चला कि दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई है और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हैं।

घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। अंकित के पिता सुखबीर गांव में ही टेलर का काम करते हैं। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी को लेकर इन दिनों घर में बातचीत चल रही थी। बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे में जान गंवाने वाले दूसरे बाइक सवार धर्म बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले थे और पिछले करीब 20 साल से दामला में परिवार के साथ रह रहे थे। वह एक प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करते थे और तीन बच्चों के पिता थे। धर्म के भाई उदय ने बताया कि उनका भतीजा पिछले एक सप्ताह से बीमारी के चलते बस अड्डे के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती था।

बुधवार रात धर्म अपने भतीजे से अस्पताल में मिलकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह दामला पहुंचा, सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। एक परिचित ने मौके पर पहचान कर परिवार को सूचना दी। डायल 112 की मदद से धर्म को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। गुरुवार सुबह करीब छह बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

सदर थाना पुलिस ने मामले की कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।