PF खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी: लगातार तीसरे साल 8.25% ब्याज बरकरार, इसी महीने खाते में आ सकता है पैसा

केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। 7 करोड़ से अधिक खाताधारकों को इसका लाभ मिलेगा और जल्द खातों में ब्याज राशि जमा हो सकती है।

PF खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी: लगातार तीसरे साल 8.25% ब्याज बरकरार, इसी महीने खाते में आ सकता है पैसा

➤ केंद्र सरकार ने EPF पर 8.25% ब्याज दर को दी मंजूरी

➤ 7 करोड़ से ज्यादा PF खाताधारकों को मिलेगा फायदा

➤ जून महीने में ही खातों में ब्याज राशि क्रेडिट होने की संभावना


देश के 7 करोड़ से अधिक कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही लगातार तीसरे साल ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वित्त मंत्रालय ने EPFO (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही यह ब्याज राशि देशभर के करोड़ों खाताधारकों के पीएफ खातों में जमा की जाएगी।

सबसे बड़ी बात यह है कि जून 2026 के दौरान ही ब्याज की राशि खातों में क्रेडिट होने की संभावना जताई जा रही है। EPFO ने इस बार नई तकनीकी व्यवस्था तैयार की है, जिससे ब्याज राशि पहले की तुलना में अधिक तेजी से खातों में पहुंच सकेगी।

इससे पहले 2 मार्च 2026 को केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज दर तय की गई थी। इसके बाद अंतिम मंजूरी के लिए प्रस्ताव वित्त मंत्रालय को भेजा गया था।अब सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ब्याज राशि वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

EPFO ने लगातार तीसरे साल 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को बरकरार रखा है। इससे पहले वित्त वर्ष 2023-24 में ब्याज दर 8.15 प्रतिशत से बढ़ाकर 8.25 प्रतिशत की गई थी। वर्ष 2024-25 में भी यही दर लागू रही और अब 2025-26 के लिए भी इसे जारी रखा गया है।

EPFO जल्द ही EPFO 3.0 प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की तैयारी में है। इसके तहत खाताधारकों को कई नई सुविधाएं मिलने वाली हैं।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारी ATM और UPI के माध्यम से PF की राशि निकाल सकेंगे। इसके अलावा क्लेम प्रक्रिया भी पहले से ज्यादा आसान और तेज होगी

नई व्यवस्था के तहत 5 लाख रुपए तक के क्लेम ऑटोमेटिक सेटल किए जाएंगे। इससे क्लेम निपटान का समय 10 से 20 दिन से घटकर 2 से 5 दिन तक रह सकता है।

आधार सत्यापित खातों के लिए दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत भी कम हो जाएगी और पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। EPFO 3.0 के तहत नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी। नई व्यवस्था में कर्मचारी का PF बैलेंस पुराने नियोक्ता से नए नियोक्ता के खाते में ऑटोमेटिक ट्रांसफर हो जाएगा। इसके लिए अलग से आवेदन या कंपनी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।