वर्ल्ड कप के बाद अब शादी की तैयारी में स्मृति मंधाना, जानें कौन होगा जीवन साथी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने विश्व कप जीत के बाद जीवन का नया अध्याय शुरू करने का फैसला किया है। वह 20 नवंबर 2025 को म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल से सांगली में शादी करेंगी।

वर्ल्ड कप के बाद अब शादी की तैयारी में स्मृति मंधाना, जानें कौन होगा जीवन साथी
  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर रचा इतिहास

  • उपकप्तान स्मृति मंधाना करेंगी म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल से शादी

  • 20 नवंबर 2025 को सांगली में होगा विवाह समारोह


भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर पूरे देश को गौरव से भर दिया है। टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने अपने दमदार प्रदर्शन से न सिर्फ़ टीम को जीत दिलाई, बल्कि अब अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही हैं। विश्व कप की जीत के ठीक बाद यह खबर आई है कि स्मृति अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड और मशहूर म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल के साथ शादी करने वाली हैं।

आनंद बाजार पत्रिका की एक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों की शादी 20 नवंबर 2025 को स्मृति के गृहनगर सांगली (महाराष्ट्र) में होगी। यह वही जगह है जहां स्मृति ने अपने क्रिकेट करियर की नींव रखी थी। इस शादी में संगीत और क्रिकेट का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। परिवारों की ओर से शादी को इंटिमेट सेरेमनी रखा गया है, जिसमें सिर्फ़ परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।

स्मृति मंधाना का क्रिकेट सफर सांगली के माधवनगर से शुरू हुआ था। यहीं से उन्होंने पहली बार बल्ला थामा और राज्य टीम के लिए खेलना शुरू किया। भले ही उनका जन्म मुंबई में हुआ हो, लेकिन सांगली उनके दिल के बेहद करीब है। बताया जा रहा है कि शादी के सभी प्री-वेडिंग फंक्शन सांगली में ही होंगे, जबकि रिसेप्शन का आयोजन मुंबई में किया जा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों परिवारों ने शादी को पारंपरिक महाराष्ट्रीयन अंदाज़ में करने का फैसला किया है। इस शादी में क्रिकेट और संगीत जगत की नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

टीम इंडिया की जीत के बाद पलाश मुच्छल ने सोशल मीडिया पर स्मृति की ट्रॉफी पकड़े हुए तस्वीर शेयर की और लिखा, “सबसे आगे हैं हम हिंदुस्तानी 🇮🇳”। इसके कुछ ही घंटे बाद उन्होंने स्मृति के साथ एक और तस्वीर पोस्ट की जिसमें लिखा था — “Am I still dreaming 😭❤️🏆” फैंस ने इस पोस्ट पर जमकर प्यार बरसाया। किसी ने उन्हें “लकी गाय” कहा तो किसी ने “क्रिकेट क्वीन का राजा” बताया।

हाल ही में इंदौर प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान पलाश ने मीडिया के सामने खुद शादी की पुष्टि करते हुए मुस्कुराते हुए कहा,
वो जल्द ही इंदौर की बहू बनने वाली हैं... बस इतना ही कहना है।” उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में जोड़ा, “मैंने आपको हेडलाइन दे दी।
इस बयान के बाद से सोशल मीडिया पर दोनों की शादी की चर्चा जोरों पर है।

पलाश मुच्छल देश के सबसे युवा संगीत निर्देशकों में से एक हैं। उन्होंने बॉलीवुड में कई हिट गानों को कंपोज किया है जिनमें ‘पार्टी तो बनती है’, ‘तेरा हीरो इधर है’, और ‘तू जो कहे’ जैसे गीत शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘खुश नुमा’, ‘ओ खुदा’ और ‘मुसाफ़िर’ जैसे इंडिपेंडेंट म्यूजिक ट्रैक भी रिलीज़ किए हैं।

उनकी बहन पलाक्षा मुच्छल भी जानी-मानी सिंगर हैं और सामाजिक कार्यों के लिए मशहूर हैं। दोनों भाई-बहन कई बार चैरिटी कार्यक्रमों में परफॉर्म करते रहे हैं।

क्रिकेट जगत में स्मृति मंधाना का नाम अब सिर्फ़ बल्लेबाज़ी के लिए नहीं, बल्कि अनुशासन और समर्पण के प्रतीक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वहीं, अब उनकी शादी की खबर फैंस के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।

यह शादी सिर्फ़ दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि क्रिकेट और संगीत के संगम का प्रतीक होगी — जहां एक ओर बल्ले की आवाज़ होगी, वहीं दूसरी ओर सुरों की मधुर धुनें।