हरियाणा में बस हादसा, सवार 25 बाल - बाल बचे

यमुनानगर के खानुवाला मोड़ पर रोडवेज बस और कार की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हुए। कार चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस जांच में जुटी है।

हरियाणा में  बस हादसा, सवार 25 बाल - बाल बचे
  • यमुनानगर में रोडवेज बस और कार की आमने-सामने टक्कर, चार घायल

  • कार चालक की हालत गंभीर, बस की साइड और कार दोनों क्षतिग्रस्त

  • डायल 112 टीम ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जांच जारी


जिले के खानुवाला मोड़ पर सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक रोडवेज बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार दो से तीन यात्री भी घायल हुए हैं।

रोडवेज बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त कार।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस का ड्राइवर साइड वाला हिस्सा टूट गया।

यमुनानगर डिपो की यह बस 20 से 25 यात्रियों को लेकर गांव डारपुर की ओर जा रही थी। मुख्य रास्ता बंद होने के कारण बस व्यासपुर के रास्ते लेदी होकर डारपुर जा रही थी, इसी दौरान सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार घूमकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कार में सिर्फ ड्राइवर ही मौजूद था, जिसे लोगों ने बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला।

डायल 112 टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि बस की तीन सवारियों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया। कार चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को बहाल किया।

बस ड्राइवर का कहना है कि कार तेज रफ्तार में थी और अचानक अन-बैलेंस होकर बस से टकरा गई। वहीं, डायल 112 टीम ने बताया कि दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे, इसलिए टक्कर हो गई। पुलिस ने कहा कि लापरवाही किसकी थी, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।