"दीवाना के 34 साल""शाहरुख की डेब्यू फिल्म के दिलचस्प किस्से"
शाहरुख खान, ऋषि कपूर और दिव्या भारती की सुपरहिट फिल्म ‘दीवाना’ ने 34 साल पूरे कर लिए हैं। जानिए फिल्म की शूटिंग, क्लाइमैक्स और कास्टिंग से जुड़े रोचक किस्से।
शाहरुख खान की डेब्यू फिल्म ‘दीवाना’ ने पूरे किए 34 साल
ऋषि कपूर, दिव्या भारती और शाहरुख की तिकड़ी ने फिल्म को बनाया था सुपरहिट
फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प किस्से आज भी फैंस को हैरान करते हैं
बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘दीवाना’ को रिलीज हुए आज 34 साल पूरे हो गए हैं। 25 जून 1992 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की थी, बल्कि शाहरुख खान को बॉलीवुड में पहचान दिलाने का भी काम किया। फिल्म में ऋषि कपूर, दिव्या भारती और शाहरुख खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। इसका निर्देशन राज कंवर ने किया था।
दिलचस्प बात यह है कि ‘दीवाना’ शाहरुख खान की पहली रिलीज फिल्म बनी, जबकि उन्होंने इससे पहले हेमा मालिनी की फिल्म ‘दिल आशना है’ साइन की थी। रिलीज में देरी के कारण ‘दिल आशना है’ बाद में आई और ‘दीवाना’ को शाहरुख की डेब्यू फिल्म का दर्जा मिल गया।
फिल्म से जुड़ा एक रोचक किस्सा हेमा मालिनी से भी जुड़ा है। 1991 में अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘दिल आशना है’ के लिए वह नए चेहरे की तलाश कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने टीवी धारावाहिक ‘फौजी’ में शाहरुख खान को देखा और ऑडिशन के लिए बुलाया। शुरुआत में वह शाहरुख के लुक से पूरी तरह प्रभावित नहीं हुईं, लेकिन बाद में उनका मेकओवर करवाया और उनमें संभावनाएं देखीं।
‘दीवाना’ के लिए पहले अरमान कोहली और सनी देओल को अप्रोच किया गया था, लेकिन दोनों ने फिल्म करने से इनकार कर दिया। इसके बाद निर्माता गुड्डू धनोआ शेखर कपूर की सलाह पर शाहरुख खान से मिलने दिल्ली पहुंचे। उस समय शाहरुख कई फिल्मों में व्यस्त थे और उन्होंने शुरुआत में फिल्म करने से मना कर दिया था। हालांकि कहानी का दूसरा हिस्सा सुनने के बाद उन्होंने फिल्म के लिए हामी भर दी।
एक इंटरव्यू में शाहरुख खान ने खुद स्वीकार किया था कि उन्हें ‘दीवाना’ की कहानी में ज्यादा लॉजिक नजर नहीं आता था। उन्होंने कहा था कि उस दौर में वह एक साथ कई फिल्मों की शूटिंग कर रहे थे और कई बार बिना पूरी स्क्रिप्ट पढ़े शूटिंग करनी पड़ती थी। उन्होंने इसे अपने करियर की सीख बताया था।
फिल्म का सबसे लोकप्रिय गाना ‘ऐसी दीवानगी’ भी अपने साथ एक दिलचस्प कहानी लेकर आता है। बताया जाता है कि यह गाना ऋषि कपूर को इतना पसंद आया था कि वह चाहते थे कि इसे उन पर फिल्माया जाए। लेकिन निर्देशक राज कंवर का मानना था कि यह गाना शाहरुख खान के किरदार पर ज्यादा फिट बैठता है। आखिरकार यह गीत शाहरुख और दिव्या भारती पर फिल्माया गया और आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
फिल्म के क्लाइमैक्स को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी। मेकर्स चाहते थे कि दिव्या भारती का किरदार अंत में अपने पहले पति के पास लौट जाए। लेकिन ऋषि कपूर ने इसका विरोध किया। उनका मानना था कि दर्शक इस अंत को स्वीकार नहीं करेंगे। बाद में उनकी सलाह मानी गई और फिल्म का अंत शाहरुख खान और दिव्या भारती के साथ रहने के साथ किया गया।
फिल्म पूरी होने के बाद इसे बेचने में भी चुनौतियां आई थीं। उस समय शाहरुख खान नए कलाकार थे, इसलिए फिल्म के प्रचार में ज्यादा जोर ऋषि कपूर और दिव्या भारती पर दिया गया। कई पोस्टरों में शाहरुख को बेहद कम जगह दी गई, जबकि दिव्या भारती की लोकप्रियता के चलते कई जगह केवल उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया।
‘दीवाना’ की सफलता ने शाहरुख खान के करियर को नई दिशा दी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो गए। 34 साल बाद भी यह फिल्म हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिनी जाती है।
pooja