हरियाणा में कांग्रेस सांसद जयप्रकाश की कार का एक्सीडेंट: हाईवे पर बैल से टकराई गाड़ी, अस्पताल में भर्ती

हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश की कार जींद के उचाना में बैल से टकरा गई। हादसे में सांसद और चालक घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हरियाणा में कांग्रेस सांसद जयप्रकाश की कार का एक्सीडेंट: हाईवे पर बैल से टकराई गाड़ी, अस्पताल में भर्ती

हिसार सांसद जयप्रकाश की फॉर्च्यूनर हाईवे पर बैल से टकराई

हादसे में सभी एयरबैग खुले, सांसद और ड्राइवर घायल

उचाना अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी


हरियाणा के हिसार से कांग्रेस सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश (जेपी) शुक्रवार को एक सड़क हादसे में घायल हो गए। दिल्ली-पटियाला हाईवे पर जींद के उचाना क्षेत्र में उनकी फॉर्च्यूनर कार के सामने अचानक एक बैल आ गया। चालक ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार के सभी एयरबैग खुल गए और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

एक्सीडेंट के बाद सांसद जेपी की गाड़ी से सभी एयरबैग खुल गए।

हादसे के तुरंत बाद सांसद के साथ मौजूद लोगों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उन्हें उचाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है। हादसे में कार चालक सोनू भी घायल हुआ है, जिसका भी उपचार जारी है।

एक्सीडेंट में सांसद जयप्रकाश की गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

डॉक्टरों के अनुसार अचानक हुए तेज झटके के कारण सांसद घबराहट और सदमे में हैं। उन्होंने सिर घूमने और घुटने में चोट की शिकायत की है। 71 वर्षीय सांसद के स्वास्थ्य की पूरी जानकारी सभी चिकित्सीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार सांसद जयप्रकाश नारनौंद (हिसार) से नरवाना (जींद) एक शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे। उचाना के बड़ौदा गांव के पास उनकी गाड़ी के सामने अचानक बैल आ गया, जिससे यह हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि सांसद इस यात्रा पर अपने पूरे काफिले के साथ नहीं थे। वह केवल एक गाड़ी में अपने चालक के साथ निकले थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद अस्पताल से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मेडिकल टीम सांसद का स्वास्थ्य परीक्षण करती दिखाई दे रही है। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।