हरियाणा में श्मशान घाट के पास मिली अधेड़ व्यक्ति की ला*श, जेब से मिले ₹50 हजार
यमुनानगर के जेधर गांव में श्मशान घाट के पास खेत में करीब 50 साल के व्यक्ति का शव मिला। सिर पर चोट के निशान थे और जेब से 50 हजार रुपए मिले।
यमुनानगर के जेधर गांव में श्मशान घाट के पास अधेड़ व्यक्ति का शव मिला
➤ सिर पर गहरी चोट के निशान, चेहरा खून से लथपथ; जेब से मिले 50 हजार रुपए
➤ पुलिस ने हत्या की आशंका जताई, CCTV फुटेज खंगालने के साथ शिनाख्त में जुटी टीमें
हरियाणा के यमुनानगर में बुधवार सुबह श्मशान घाट के पास खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना छछरौली थाना क्षेत्र के जेधर गांव की है। शव के सिर पर गहरी चोट के निशान थे और चेहरा खून से लथपथ था। सूचना मिलने के बाद डायल 112 और छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है। पुलिस को उसकी जेब से 50 हजार रुपए कैश भी मिले हैं।
श्मशान घाट की ओर जा रहे ग्रामीणों ने खेत में देखा शव
जेधर गांव के मोहित ने बताया कि बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग श्मशान घाट की तरफ खेतों में घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाले एक खेत में सफेद कपड़ों में एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया।
ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो व्यक्ति के सिर पर गहरी चोट लगी हुई थी और उसका चेहरा खून से सना हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत अन्य लोगों को सूचना दी और डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी।
शव के पास जाकर देखने पर पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। सूचना फैलने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस के पहुंचने के बाद घटनास्थल की जांच की गई और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
जेब फटी मिली, पजामा खुला था; पास में दिखे वाहन के टायर के निशान
पुलिस की जांच के दौरान मृतक के कपड़ों से करीब 50 हजार रुपए कैश मिला। उसकी जेब फटी हुई थी और पजामा भी खुला हुआ था। घटनास्थल के आसपास किसी वाहन के टायर के निशान भी दिखाई दिए हैं।
हालांकि, शव के आसपास पैरों के निशान स्पष्ट रूप से नजर नहीं आए। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक कौन है और वह यहां तक कैसे पहुंचा।
पुलिस ने हत्या की आशंका जताई, CCTV फुटेज खंगाली जा रही
छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंची थीं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
थाना प्रभारी के अनुसार, गांव में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव को देखकर लग रहा है कि व्यक्ति की हत्या यहीं की गई है। उसके सिर पर चोट के गहरे निशान हैं और जेब से 50 हजार रुपए कैश भी मिला है।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। आसपास के क्षेत्र में मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, CCTV फुटेज और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
Akhil Mahajan