BJP नेत्री के पति की मौत, स्कॉर्पियो में मिला शव; पिता ने हत्या का लगाया आरोप

रोहतक में BJP नेत्री के पति प्रदीप का शव स्कॉर्पियो में मिला। पुलिस की प्राथमिक जांच में सुसा*इड की बात सामने आई, जबकि पिता ने हत्या का आरोप लगाया।

BJP नेत्री के पति की मौत, स्कॉर्पियो में मिला शव; पिता ने हत्या का लगाया आरोप

➤ कांग्रेस ऑफिस के सामने स्कॉर्पियो में मिला ठेकेदार प्रदीप का शव
➤ पिता ने 32 करोड़ के चेक बाउंस मामले में धमकी देने का लगाया आरोप
➤ पुलिस की प्राथमिक जांच में सुसाइड की बात, FSL टीम ने की जांच


रोहतक। रोहतक में कांग्रेस ऑफिस के सामने सड़क पर खड़ी 0001 नंबर की स्कॉर्पियो में जनता कॉलोनी निवासी ठेकेदार प्रदीप का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रदीप की पत्नी दीपिका BJP से पार्षद रह चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का सामने आया है, जबकि प्रदीप के पिता देवेंद्र ने बेटे की मौत को हत्या बताते हुए परिवार के ही 8-10 लोगों पर धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि 32 करोड़ रुपए के चेक बाउंस का मामला इस पूरे विवाद से जुड़ा है और उन्हें, उनके पोते तथा पोती को भी जान से मारने की धमकियां दी गई थीं। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी पिस्टल बरामद की है और FSL टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है। पुलिस और परिवार के बयानों में अलग-अलग दावे सामने आने के कारण मामले की जांच जारी है।

कांग्रेस ऑफिस के सामने जांच करती पुलिस टीम।

कांग्रेस ऑफिस के सामने मिली स्कॉर्पियो

प्रदीप का शव कांग्रेस ऑफिस के सामने सड़क पर खड़ी स्कॉर्पियो में मिला। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले प्रदीप की गाड़ी की 2-3 अन्य गाड़ियों से टक्कर हुई थी। इसके बाद ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने प्रदीप को ड्राइविंग सीट के बराबर में बैठाकर गाड़ी को सड़क से साइड में कर दिया था।

आर्यनगर थाना SHO सुशील के अनुसार, पुलिस को प्रदीप की गाड़ी से हुए एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो उससे पहले ही प्रदीप की मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, मौके से 32 बोर की पिस्टल भी बरामद हुई है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सुसाइड की बात

SHO सुशील ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रदीप द्वारा खुद को गोली मारकर सुसाइड करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, प्रदीप शराब के नशे में था और उसकी गाड़ी कांग्रेस ऑफिस के पास सड़क पर खड़ी थी। मामले की जांच के लिए FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिक जांच और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों में अंतर सामने आया है।

प्रदीप का शव देखकर रोतीं बिलखती पत्नी और उंगली दिखाकर आरोपियों के बारे में बताते पिता।

पिता ने हत्या का आरोप लगाया

प्रदीप के पिता देवेंद्र ने बेटे की मौत को हत्या बताया है। उनका आरोप है कि परिवार के ही 8-10 लोग उन्हें और उनके बेटे को परेशान कर रहे थे। देवेंद्र के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले भी कुछ लोग उनके घर आए थे और उन्हें धमकी दी थी।

देवेंद्र का कहना है कि यह पूरा विवाद 32 करोड़ रुपए के चेक बाउंस से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें, उनके पोते और पोती को भी जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। पिता के अनुसार, इसी परेशानी के कारण परिवार मध्य प्रदेश छोड़कर रोहतक आया था।

पत्नी और पिता पहुंचे मौके पर

प्रदीप की मौत की सूचना मिलने के बाद उनके पिता देवेंद्र और पत्नी दीपिका मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार ने पुलिस के सामने पूरे मामले की जांच की मांग रखी है।

वहीं, पुलिस ने मामले में घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है। FSL टीम की जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।

घटना की जानकारी देते एसएचओ सुशील।

ठेकेदारी करते थे प्रदीप, पत्नी रह चुकी हैं पार्षद

प्रदीप के पिता देवेंद्र ने बताया कि उनका बेटा ठेकेदारी करता था। परिवार कई साल पहले रोहतक आकर बसा था। प्रदीप की पत्नी दीपिका पिछली योजना में BJP से पार्षद रह चुकी हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।